पुलिस केंद्र में पिपिंग समारोह
जहानाबाद पुलिस केंद्र में मंगलवार को पिपिंग समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को फीता और स्टार पहनाकर नई जिम्मेदारी सौंपी। समारोह में कुल 27 पुलिसकर्मियों को उच्च पद का प्रभार दिया गया। पिपिंग समारोह के दौरान 23 चालक सिपाहियों को चालक हवलदार, एक चालक हवलदार को चालक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई), एक चालक एएसआई को चालक पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) तथा विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) के माध्यम से दो पुलिसकर्मियों को हवलदार के पद का प्रभार प्रदान किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी पदोन्नत पुलिसकर्मियों को फीता और स्टार पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें पदोन्नति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों में भी वृद्धि है।

ऐसे में सभी कर्मी पूरी ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करना सभी पुलिसकर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सभी पदाधिकारियों को अपने कार्यों में और अधिक सक्रियता तथा दक्षता के साथ काम करना होगा।समारोह के अंत में पदोन्नत पुलिसकर्मियों ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे विभाग की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
Jehanabad News: Pipping ceremony held at the Police Lines; 27 police personnel assigned new responsibilities.



















