राजा बाजार के जयपुर हाउस में शुरू हुई नई शाखा, शिक्षा के साथ संस्कार देने पर रहेगा जोर
जहानाबाद। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर जहानाबाद में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत हुई। राजा बाजार स्थित सर गणेश दत्त नगर, रोड नंबर-1, बाजार समिति के उत्तर-पश्चिम भाग में जयपुर हाउस परिसर में प्रतिभा पल्लवन मिशन स्कूल (किट्स) की नई शाखा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, गायत्री महायज्ञ और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की उन्नति, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, राष्ट्र निर्माण और समाज में नैतिक मूल्यों के विकास की कामना की गई।
विद्यालय के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. एस.के. सुनील ने कहा कि नई शाखा खोलने का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में ‘शिक्षा के साथ संस्कार’ की अवधारणा को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि विद्यार्थी शैक्षणिक रूप से मजबूत होने के साथ एक जिम्मेदार नागरिक भी बन सकें।
विद्यालय की संरक्षक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद् डॉ. इंदु कश्यप ने इस अवसर पर आशीर्वचन देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में हम पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. बीरेंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव सहित जिले के कई शिक्षाविद्, गणमान्य नागरिक, अभिभावक और पत्रकार उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्राचार्या नीतू कुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नई शाखा खुलने से राजा बाजार, वेंकटेश्वर नगर और गणेश दत्त नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिलेगा। आधुनिक शैक्षणिक वातावरण में बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. एस.के. सुनील ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Jehanabad News: New branch of Pratibha Pallavan Mission School inaugurated with a Gayatri Mahayajna



















