जहानाबाद राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को गांधी मैदान, जहानाबाद में ‘मेजर ध्यानचंद जहानाबाद स्पोर्ट्स मीट-2026’ का सफल आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में आयोजित इस खेल महोत्सव में बच्चों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। जिला पदाधिकारी सहित उपस्थित पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके अतुलनीय खेल योगदान को याद किया।
स्पोर्ट्स मीट के दौरान अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों के लिए सैक रेस और म्यूजिकल चेयर, जबकि कक्षा 8 से 10 के विद्यार्थियों के लिए इंटर-स्कूल रिले रेस कराई गई। इसके अलावा खेलो इंडिया के प्रतिभागियों के लिए वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई।
पुरुष एवं महिला वर्ग में 200 मीटर दौड़ भी आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है। खेल से टीम भावना, अनुशासन, निष्पक्षता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और हार के बाद दोबारा मजबूती से खड़े होने का साहस विकसित होता है। नियमित खेलकूद और शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने जहानाबादवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ की भावना को केवल राष्ट्रीय खेल दिवस तक सीमित नहीं रखा जाए। हर दिन कम से कम एक घंटा खेलकूद के लिए समय निकालें, स्वस्थ रहें, फिट रहें और खेल भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने कहा कि खेल हमें एक बेहतर खिलाड़ी बनने के साथ-साथ बेहतर इंसान बनने की भी सीख देता है। स्वस्थ, अनुशासित और ऊर्जावान समाज के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
Jehanabad News: ‘Major Dhyan Chand Jehanabad Sports Meet-2026’ organized on National Sports Day; enthusiasm for sports evident at Gandhi Maidan.



















