जहानाबाद।यदि आप इस वर्ष पुरी में भगवान जगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध रथ यात्रा में शामिल नहीं हो सके हैं, तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जहानाबाद में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर अलंगना चौक स्थित श्री राम-जानकी मंदिर परिसर में एक बैठक आयोजित की गई। यह मंदिर श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट द्वारा संचालित है। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ एवं सर्वेश्वर भगवान की भव्य, भक्तिमय और शांतिपूर्ण रथ यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों ने बताया कि रथ यात्रा में हाथी, घोड़े तथा अयोध्या और वृंदावन से आने वाली संकीर्तन मंडलियां शामिल होंगी, जो पूरे जिले के वातावरण को भक्तिमय बनाने का कार्य करेंगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। बैठक में विनोद शर्मा, प्रमोद शर्मा, गयाजी, अंकित कुमार शर्मा सहित कई श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे। मंदिर के महंत कन्हैया दास महाराज ने सभी श्रद्धालुओं को रथ यात्रा में शामिल होने का सादर आमंत्रण देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ के रथ पर विराजमान स्वरूप के दर्शन मात्र से भी पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि भगवान स्वयं अपने भक्तों को सेवा का अवसर प्रदान कर रहे हैं, इसलिए सभी श्रद्धालु तन, मन और धन से इस धार्मिक आयोजन में सहयोग करें तथा रथ यात्रा को सफल बनाएं।
Jehanabad News: Lord Jagannath’s grand Rath Yatra will be taken out on July 16; elephants, horses, and *Sankirtan* troupes will create a devotional atmosphere.


















