जहानाबाद में पारदर्शी और समयबद्ध प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में लोक शिकायत निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त अपीलीय मामलों की सुनवाई की।
सुनवाई के दौरान भूमि परिमार्जन, अतिक्रमण, विभागीय विवाद समेत विभिन्न मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुल आठ मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें चार मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।

जिन मामलों का निष्पादन नहीं हो सका, उनमें संबंधित पदाधिकारियों को तकनीकी तथ्यों की जांच कर आवश्यक साक्ष्यों के साथ अगली सुनवाई में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मामलों के निष्पादन में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। आज जिन मामलों का निष्पादन किया गया, उनमें विद्युत तार की कवरिंग, अतिक्रमण वाद से मुक्ति, घर के समीप से गुजर रहे विद्युत कनेक्शन को हटाने तथा राशन कार्ड निर्गत करने से संबंधित मामले शामिल रहे।
Jehanabad News: Hearing of appeal cases under the Public Grievance Redressal Act, DM expedited execution of many cases



















