स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, अन्य की तलाश जारी
जहानाबाद। जिला मुख्यालय स्थित एसपी कोठी के समीप गुरुवार को साधु के भेष में पहुंचे चार लोगों ने एक महिला को झांसे में लेकर उसके कान का सोने का गहना ठग लिया। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि तीन अन्य मौके से फरार हो गए। पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, चार लोग साधु का भेष धारण कर एक घर पहुंचे और वहां मौजूद वीणा कुमारी से बातचीत करने लगे। आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्होंने महिला को अपनी बातों में उलझाते हुए गहने उतारने को कहा। इसके बदले फूल को आंचल में बांधने की बात कही गई। उनकी बातों में आकर महिला ने अपने कान का सोने का गहना उतारकर उन्हें दे दिया। गहना हाथ लगते ही चारों वहां से निकलने लगे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर आसपास के लोगों को शक हुआ। लोगों ने उनका पीछा किया और पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान एक व्यक्ति को लोगों ने पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी भागने में सफल रहे।

इसके बाद स्थानीय लोगों ने पकड़े गए व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान करने के साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है। घटना के बाद पीड़ित महिला काफी परेशान और स्तब्ध है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ठगा गया सोने का गहना बरामद कराने की मांग की है। मौके पर पहुंचे अपर थानाध्यक्ष श्याम कुमार पांडेय ने मामले में अग्रतर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने जल्द ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने की बात कही है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
Jehanabad News: Four individuals posing as sadhus visited a house and swindled a woman out of her gold jewelry.


















