जहानाबाद: जिले में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक मनाए जा रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत आज एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी द्वारा जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों को पिन फ्लैग एवं बैज लगाकर जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे को पिन फ्लैग एवं बैज लगाकर किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान को भी पिन फ्लैग एवं बैज प्रदान किया गया। इस दौरान अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों को भी पिन फ्लैग एवं बैज लगाकर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अग्नि सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में आगजनी की घटनाओं की रोकथाम को लेकर जागरूकता फैलाना है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि लोग आग से बचाव के उपायों को समझ सकें और सतर्क रहें। इस वर्ष अग्नि सुरक्षा सप्ताह की थीम है— “Safe School, Hospital & Fire Safety Aware Society: Together for Fire Prevention”, जिसका उद्देश्य विद्यालयों, अस्पतालों और समाज को अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग बनाना है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते नुकसान को रोका जा सके।
Jehanabad News: Fire Safety Week begins, officials are made aware by pinning flags and badges.












