जहानाबाद: जिला अग्निशमन पदाधिकारी के निर्देशानुसार अग्नि सुरक्षा सप्ताह (14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026) के अवसर पर आज 16 अप्रैल को जिला अग्निशमन विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस क्रम में जिला अग्निशमन पदाधिकारी के नेतृत्व में 5किलोमीटर की मैराथन दौड़ आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। मैराथन के साथ-साथ क्रिकेट मैच एवं अन्य खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अग्नि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों और सावधानियों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी तथा जिला अग्निशमन कार्यालय के कर्मियों ने आम जनों को आगजनी की घटनाओं से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम— “Safe School, Hospital & Fire Safety Aware Society: Together for Fire Prevention” है, जिसका उद्देश्य स्कूलों, अस्पतालों और समाज के हर वर्ग को आग से सुरक्षा के प्रति सजग बनाना है।
उन्होंने आगे कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। यदि लोग जागरूक रहेंगे और सुरक्षा मानकों का पालन करेंगे, तो आगजनी की घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान को लोगों का अच्छा सहयोग मिल रहा है और आने वाले दिनों में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
Jehanabad News: Marathon and sports competitions under Fire Safety Week, people made aware












