पशु चिकित्सकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, प्रखंड स्तरीय समिति गठन और रेबीज टीकाकरण अभियान के दिए गए निर्देश।
जहानाबाद: राष्ट्रीय डिजिटल पशुधन मिशन (NDLM) के सफल क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने की। बैठक में मिशन के प्रभावी संचालन, प्रगति समीक्षा और आवश्यक दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिले में राष्ट्रीय डिजिटल पशुधन मिशन के कार्यान्वयन की समीक्षा करते हुए जिला पशुपालन पदाधिकारी को मिशन के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक समन्वय और प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह मिशन पशुधन प्रबंधन को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे पशुपालकों को पारदर्शी और बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी पशु अस्पतालों में पशु चिकित्सकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया, ताकि पशु चिकित्सा सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे तथा पशुपालकों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके अलावा प्रखंड स्तर पर वरीय पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय कार्यान्वयन समिति गठित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य पशुधन डाटा प्रबंधन, पशुओं का निरीक्षण, टीकाकरण तथा स्वास्थ्य एवं प्रजनन संबंधी समस्याओं की निगरानी सुनिश्चित करना होगा। बैठक में जिले के सभी क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के रेबीज टीकाकरण अभियान को एक सप्ताह के अंदर शुरू करने का निर्देश भी दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और पशुजनित रोगों की रोकथाम के लिए यह अभियान बेहद जरूरी है।
इसके साथ ही जहानाबाद, काको, घोषी और मखदुमपुर नगर परिषदों के कार्यपालक पदाधिकारियों को डॉग कैचर मशीन और आवश्यक वाहनों की खरीद कर पशुपालन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी, पशुपालन विभाग के अन्य अधिकारी, नगर परिषदों के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला दुग्ध उत्पादक संघ के प्रबंध निदेशक तथा कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Jehanabad News: District level meeting held regarding National Digital Livestock Mission



















