जेएनयू में छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर प्रदर्शन, भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब
जहानाबाद। स्थानीय सेवा संकल्प चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्राओं और महिलाओं के यौन उत्पीड़न से जुड़े आरोपों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए और मामले में कार्रवाई की मांग की। इसकी जानकारी देते हुए भाजपा के जिला महामंत्री अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि जेएनयू में छात्राओं और महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के मामले गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम से जुड़े मामले में कांग्रेस नेतृत्व को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अक्सर संविधान की बात करते हैं, ऐसे में उन्हें इस मामले पर भी जवाब देना चाहिए। भाजपा नेताओं ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री अमरेन्द्र कुमार और अनिल ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष जय प्रकाश केसरी, मुन्नी चन्द्रवंशी एवं कृष्णा गुप्ता, जिला मंत्री मनोज पासवान, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम गुप्ता, युवा मोर्चा महामंत्री कन्हैया कुमार, नगर मंडल अध्यक्ष रिजु साव, काको दक्षिणी मंडल अध्यक्ष राजीव रंजन कुमार तथा भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता मणिभूषण शर्मा सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
Jehanabad News: BJP burns effigies of Rahul Gandhi and the Congress MP.



















