कुणाल सिंह आर्य, पुष्पांजलि कुमारी और आस्था कुमारी प्रतियोगिताओं में दिखाएंगे दमखम, विद्यालय प्रबंधन ने बढ़ाया खिलाड़ियों का मनोबल
जहानाबाद। बाल विद्या निकेतन विद्यालय, जहानाबाद के छात्र-छात्राएं कराते और तलवारबाजी जैसे खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी कड़ी में विद्यालय के खिलाड़ियों का चयन प्रमंडल और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अनिल कुमार सिंह ने कराटे कोच सह तलवारबाजी के सचिव अन्नू शक्ति सिंह की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कराते और तलवारबाजी में खिलाड़ियों का प्रमंडल एवं राज्य स्तर तक पहुंचना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और आगे बढ़ने की भावना विकसित करते हैं। कराते प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र कुणाल सिंह आर्य, कक्षा 11वीं, और छात्रा पुष्पांजलि कुमारी, कक्षा 10वीं, का चयन जिला स्तर से प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। प्रमंडल स्तरीय कराटे प्रतियोगिता 15 अक्टूबर 2026 को गया जी स्थित खेल भवन में आयोजित होगी। इसमें दोनों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, तलवारबाजी में विद्यालय के तीन खिलाड़ी आस्था कुमारी, पुष्पांजलि कुमारी और कुणाल सिंह आर्य प्रमंडल स्तर से चयनित होकर राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता 1 से 3 नवंबर 2026 तक मधुबनी और बेतिया जिलों में आयोजित की जाएगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन से खिलाड़ियों और विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक अनिल कुमार सिंह, कोच अन्नू शक्ति सिंह और शिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें तथा बेहतर प्रदर्शन कर जहानाबाद जिले का नाम रोशन करें। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को नई पहचान दिलाएंगे।
Jehanabad News: Bal Vidya Niketan players selected at the divisional and state levels in Karate and Fencing.



















