जहानाबाद में अब तक 113 विद्यार्थियों को मिल चुका है सम्मान, मेडल और शैक्षणिक पुस्तकें देकर बढ़ाया उत्साह
जहानाबाद। शहर में श्रीकृष्ण महिला कॉलेज के निकट स्थित मिशन मैथ क्लासेस में ए-वन प्रकाशन की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 12वीं कक्षा के 40 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, क्वेश्चन बैंक, गेस पेपर और मॉडल पेपर देकर सम्मानित किया गया। प्रकाशन की ओर से जिले में अब तक 113 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम का संचालन ए-वन प्रकाशन के जिला इंचार्ज संतोष केशरी ने किया। इस मौके पर प्रकाशन के मार्केटिंग हेड विशाल प्रताप सिंह और मिशन मैथ क्लासेस के संचालक विकास सर ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
वक्ताओं ने परीक्षा की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास करने और अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि केवल रटने के बजाय विषयों को समझना और लिखकर अभ्यास करना अधिक उपयोगी है। विद्यार्थियों को नए एवं चुनौतीपूर्ण प्रश्नों को हल करने, प्रत्येक सप्ताह अपनी तैयारी का आकलन करने तथा उत्तर लिखते समय प्रश्न की मांग के अनुरूप तथ्य, उदाहरण और सूत्रों का उपयोग करने की सलाह दी गई।वक्ताओं ने बताया कि ए-वन प्रकाशन पिछले 42 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। समारोह के अंत में सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और अपने परिवार व जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।
Jehanabad News: A-One Publications honored 40 meritorious Class 12 students.



















