
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। हरियाणा के वोटर लोकतंत्र के महापर्व पर रंगे हुए हैं। सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लाइन लगनी शुरू हो गई। हरियाणा में मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। भाजपा राज्य में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए मैदान में है, वहीं कांग्रेस लंबे समय बाद राज्य की सत्ता में वापसी की उम्मीद में है। प्रदेश में एक ही चरण में सभी 22 जिलों की 90 सीटों पर वोटिंग हो रही है। हरियाणा में 2 करोड़ से अधिक मतदाता वोट करेंगे। इसके साथ प्रदेश में उतरे 1031 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। सबसे ज्यादा सात विधानसभा सीटें हिसार जिले में हैं। वहीं सबसे कम दो-दो सीटें पंचकूला और चरखी दादरी जिले की हैं। सत्ताधारी भाजपा ने सिरसा सीट छोड़कर सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। सिरसा में भाजपा ने हरियाणा लोक हित पार्टी के गोपाल कांडा को समर्थन दिया है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस भी भिवानी को छोड़कर सभी क्षेत्रों में चुनाव लड़ रही है। भिवानी में कांग्रेस ने माकपा को समर्थन दिया है जिसने ओम प्रकाश को उतारा है। मैदान में उतरने वालों में प्रमुख लोगों में मुख्यमंत्री सैनी (लाडवा), विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला-किलोई), इनेलो के अभय सिंह चौटाला (ऐलनाबाद), जेजेपी के दुष्यंत चौटाला (उचाना कलां), भाजपा के अनिल विज (अंबाला कैंट), कैप्टन अभिमन्यु (नारनौंद) और ओपी धनखड़ (बादली), आप के अनुराग ढांडा (कलायत) और कांग्रेस की फोगाट (जुलाना) शामिल हैं। तोशाम सीट से बीजेपी की पूर्व सांसद श्रुति चौधरी और अनिरुद्ध चौधरी दोनों चचेरे भाई चुनाव लड़ रहे हैं। हरियाणा में इस बार के विधानसभा चुनाव के लिए 20,629 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव में कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर है। इस बार कांग्रेस पार्टी ने पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने से चूकने वाली पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना से अपना उम्मीदवार बनाया है। ध्यान देने वाली बात है कि मतदान से ठीक पहले गुरुवार 3 अक्टूबर को बीजेपी के बड़े नेता अशोक तंवर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल अपना वोट डालने के लिए करनाल के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोगों को आज वोट डालना चाहिए। प्रशासन ने सभी इंतजाम किए हैं और चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से होंगे। बीजेपी को जीत का भरोसा है और हम तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएंगे।हरियाणा के मुख्यमंत्री और लाडवा विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार नायब सिंह सैनी का कहना है ने कहा कि मैं हरियाणा के लोगों से 100% वोट डालने की अपील करता हूं। हरियाणा के लोगों का मूड स्पष्ट है। भाजपा अपनी सरकार बनाने जा रही है। जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगाट अपना वोट डालने के लिए चरखी दादरी के एक मतदान केंद्र पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा के लिए एक बहुत बड़ा त्योहार है और राज्य के लोगों के लिए बहुत बड़ा दिन है। मैं राज्य के लोगों से अपील कर रही हूं कि वे बाहर आएं और अपना वोट डालें। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी। भाजपा के अभियान की अगुआई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। उन्होंने चार रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने कई मुद्दों पर कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि उन्होंने देश के लिए महत्वपूर्ण हर मुद्दे को उलझाए रखा, जिसमें राम मंदिर मुद्दा भी शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार कांग्रेस की रगों में है और आरोप लगाया कि यह दलालों और दामादों की पार्टी बन गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कई जनसभाओं को संबोधित किया, जहां उन्होंने कहा कि हरियाणा में “कांग्रेस की आंधी” आने वाली है और उनकी पार्टी गरीबों और किसानों के लिए सरकार बनाएगी और राज्य के हर कोने में ‘मोहब्बत की दुकान’ खोली जाएगी। बता दें कि 2019 के पिछले विधानसभा चुनावों में, भाजपा ने 40 सीटें जीती थीं, कांग्रेस ने 31 और जेजेपी ने 10 सीटें जीती थीं. कांग्रेस ने भिवानी विधानसभा सीट अपने इंडिया ब्लॉक पार्टनर सीपीआई (एम) के लिए छोड़ दी है, जबकि भाजपा सिरसा सीट पर चुनाव नहीं लड़ रही है, जहां से हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रमुख गोपाल कांडा फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। अधिकांश सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है।


















