
उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने मनोज रावत को मैदान में उतारा है। पूर्व विधायक मनोज रावत सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। बीजेपी ने केदारनाथ सीट से उम्मीदवार अभी तय नहीं किया है। वहीं आशुतोष भंडारी उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के प्रत्याशी होंगे। देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में दल के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आनंद प्रकाश जुयाल ने उनके नाम की घोषणा की। मनोज रावत 2017 में केदारनाथ सीट से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2022 में भी इस सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हार के बावजूद रावत अपने क्षेत्र में लगातार बने रहे । यही वजह है कि पार्टी ने 2024 के विधानसभा उपचुनाव में उन पर भरोसा जताया है और केदारनाथ सीट से टिकट दिया है। रावत एआईसीसी के सदस्य हैं और उनकी दबंग और विद्वान नेता की छवि है। उन्होंने राजनीति में आने से पहले एक पत्रकार के रूप में काम किया। अपने पत्रकारिता के करियर में रावत ने कई बड़ी और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को अपनी लेखनी के जरिए जनता तक पहुंचाया है।साथ ही उन्होंने इंवेस्टिगेशन जर्नलिज्म के रूप में भी काम किया है। केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस में कई दावेदार थे, जिसमें पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, जिला अध्यक्ष कुंवर सजवान, लक्ष्मण रावत जैसे नामों के साथ ही अन्य कई नाम शामिल हैं। हालांकि इन सब को पीछे छोड़ते हुए कांग्रेस ने पूर्व विधायक मनोज रावत को टिकट दिया है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर है। 20 नवम्बर को केदारनाथ सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान होगा।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












