बिहार में मेडिकल-इंजीनियरिंग कॉलेजों में छात्राओं को मिलेगा एक तिहाई आरक्षण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों में लड़कियों के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित करने का फैसला लिया है। बुधवार को मुख्यमंत्री के साथ हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इंजीनियरिंग और मेडिकल यूनिवर्सिटी स्थापित करने के संबंध में प्रस्तावित विधेयक भी पेश किया गया।
नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य के इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में नामांकन के लिए कम से कम एक तिहाई सीट छात्राओं के लिए आरक्षित कर दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे इंजीनियरिंग और मेडिकल के क्षेत्र में छात्राओं की संख्या बढ़ेगी और यह अपने आप में अनोखी चीज होगी। क्योंकि इससे छात्राएं हाई एजुकेशन और टेक्निकल एजुकेशन की ओर ज्यादा प्रेरित होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जा रहे हैं और कई जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले जा चुके हैं। सरकार का उद्देश्य है इंजीनियरिंग और मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए बिहार के बच्चे और बच्चियों को बाहर नहीं जाना पड़े।



















