बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी को करेंगी प्रजेंट, इससे पहले दो अभिनेत्रियों को हासिल हुई है यह उपलब्धि

JOIN OUR WHATSAPP GROUP
पठान फिल्म की अपार सफलता के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण उत्साहित हैं। इस बीच दीपिका पादुकोण के लिए एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। इसी महीने 12 मार्च को संगीत और फिल्म के लिए दिए जाने वाले दुनिया के सबसे बड़े ऑस्कर अवॉर्ड्स को एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण प्रजेंट करेंगी। यहां आपको बता दें कि यह तीसरी बार होगा जब कोई भारतीय फिल्म अभिनेत्री ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी को प्रजेंट करेंगी। साल 2016 में बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और 1980 में पूर्व मिस इंडिया पर्सिस खंबाटा ऑस्कर अवॉर्ड्स में प्रेजेंटर के रूप में शामिल हो चुकी हैं। दीपिका ने अपनी इंस्टाग्राम पर ऑस्कर 2023 हैशटैग के साथ एक लिस्ट शेयर की है, जिसमें उनके साथ-साथ सभी प्रेजेंटर के नाम शामिल हैं। दीपिका के अलावा इस फंक्शन को रिज अहमद, एमिली ब्लंट, ग्लेन क्लोज, जेनिफर कॉनेली, एरियाना डीबोस, सैमुअल एल जैक्सन, ड्वेन जॉनसन, माइकल बी जॉर्डन, ट्रॉय कोत्सुर, जोनाथन मेजर्स, मेलिसा मैक्कार्थी, जेनेल मोनाए, क्वेस्टलोव, जो सलदाना और डोनी येन जैसे एक्टर्स भी प्रेजेंट करेंगे। इस बार ऑस्कर अवॉर्ड्स कई मायनों में खास होने वाला है। भारत को इस बार तीन नॉमिनेशन मिले हैं। फिल्म आरआरआर के गाने नाटू-नाटू को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग की कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है। वहीं ‘ऑल दैट ब्रीथ्स’ को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर और द एलिफेंट व्हिस्परर्स को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म कैटेगरी के तहत नॉमिनेशन मिला है। इसमें से नाटू-नाटू सॉन्ग से काफी उम्मीदें हैं क्योंकि इसने हाल ही में गोल्डन ग्लोब और हॉलीवुड क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स अपने नाम किया है। बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब दीपिका पादुकोण भारत को ग्लोबल लेवल पर पेश कर रही हों। इससे पहले, वह कान्स जूरी का हिस्सा रह चुकी हैं। साथ ही, हाल ही में उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का अनावरण भी किया था।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












