
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
महाशिवरात्रि पर्व पर बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज भाजपा के खिलाफ एक बार फिर विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने के लिए हुंकार भरी। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अगर सभी पार्टियां एक हो जाए तो साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में हम भाजपा सरकार को सत्ता से हटा सकते हैं।
इस मौके पर कांग्रेस की ओर से आए पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने अपनी ओर से पार्टी का समर्थन भी जताया। पटना में शनिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई माले) के अधिवेशन में नीतीश ने कहा- अब कांग्रेस को निर्णय लेना होगा कि 2024 में क्या रणनीति होनी चाहिए और विपक्षी एकता को किस तरह से मजबूत करना चाहिए। यदि कांग्रेस इस बात पर तैयार हो जाए तो 2024 में भाजपा 100 सीटों के अंदर सिमट कर रह जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाकपा-माले के मंच से कहा कि विपक्ष एकता की कवायद चल रही है। आप लोगों के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। कई पार्टियां एकजुट होने के लिए तैयार हैं। बस आपके फैसले का इंतजार है। देश के हित में सोचेंगे तो आपको ही फायदा होगा और दोस्त को भी फायदा होगा। नीतीश कुमार ने कांग्रेस से कहा कि हमको कुछ नहीं चाहिए। हम चाहते हैं सभी एकजुट होकर 2024 में भाजपा का सामना करें। हम पहले भी साथ चल रहे थे, आगे भी साथ चलेंगे। सलमान खुर्शीद सामने बैठे हैं। हम लोगों ने विपक्षी एकता के लिए जाकर दिल्ली में संदेश दे दिया था।
"हम इंतजार कर रहे हैं कि कांग्रेस ज़ल्द फ़ैसला लें, मेरी बात मानोगे तो BJP 100 के नीचे आएगी": @NitishKumar मुख्यमंत्री, बिहार#NitishKumar @Jduonline #JDU @cpimlliberation #Patna #Bihar pic.twitter.com/i5AdaEzH5y
— DW Samachar (@dwsamachar) February 18, 2023
अब हम लोग कांग्रेस का इंतजार कर रहे हैं।सलमान खुर्शीद ने कहा कि वो कांग्रेस की तरफ से इस अधिवेशन में आए हैं। पहले गुजरात मॉडल की बात होती थी। लेकिन अब बिहार मॉडल की बात होनी चाहिए। अब वो देश के हर हिस्से में बिहार मॉडल की बात करेंगे। राहुल गांधी ने हाल ही में 3 हजार किमी की पदयात्रा के जरिए देश को विश्वास और प्यार का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि देश संक्रमण काल से गुजर रहा है। नफरत फैलाकर सियासी फसल काटने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने नीतीश कुमार को जवाब देते हुए कहा कि हम आपकी बात को आलाकमान तक पहुंचा देंगे, मैं एक वकील हूं, आपकी वकालत कर दूंगा। भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि आज देश में संविधान खतरे में है। ऐसे ऐसे में देश में जितनी विपक्षी पार्टियां हैं, उन सभी को एकजुट होना होगा और समय बहुत कम है। 2024 के चुनाव से पहले विपक्ष की एकता जरूरी है। इस मौके पर डिप्टी सीएम तेजस्वी ने कहा कि भाजपा मंदिर, मस्जिद, गाय की चर्चा करती रहती है। नफरत की राजनीति फैलाने वाले लोग यह जान लें कि देश किसी के बाप का नहीं, जो मुसलमानों से वोटिंग का अधिकार छीन लें। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दिनों विपक्षी एकता को एकजुट करने की कवायद शुरू की थी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के बिना भाजपा को हराया नहीं जा सकता है। इसके लिए कांग्रेस को अपनी विपक्षी एकता में शामिल करना ही होगा।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !


















