जहानाबाद जिले में एक पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने और उनसे 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता पत्रकार की शिकायत पर नगर थाना में प्राथमिक दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
निजामुद्दीनपुर (देवा नगर, काको रोड) निवासी अजीत कुमार वर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि वे पिछले 15 वर्षों से कई राष्ट्रीय न्यूज चैनलों और समाचार पत्रों में जिला प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं| आवेदन के अनुसार, गत 5 सितंबर को पत्रकार ने घोसी प्रखंड में कार्यरत जीविका प्रभारी अमित कौशिक से दूरभाष पर जानकारी ली थी कि वे सरकारी कार्यों में प्राइवेट (सफेद) नंबर प्लेट वाली गाड़ी का इस्तेमाल क्यों कर रहे हैं, जबकि सरकारी कार्यों के लिए व्यावसायिक (पीली) नंबर प्लेट गाड़ी का उपयोग किया जाना चाहिए।
ड्राइवर पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप
आरोप है कि इसके बाद उसी स्कॉर्पियो गाड़ी के ड्राइवर सिकंदर कुमार (पिता- मुद्रिका प्रसाद यादव, निवासी- हुजड़ापर, थाना- घोसी) ने मोबाइल से फोन कर पत्रकार के साथ गाली-गलौज की और बुरा परिणाम भुगतने व जान से मारने की धमकी दी। पत्रकार का कहना है कि 6 सितंबर को पुनः फोन कर धमकी दी गई कि यदि गाड़ी छूटेगी तो उन्हें 2 लाख रुपये रंगदारी देनी होगी, अन्यथा अपनी जान से हाथ धोना पड़ेगा। इस पूरी घटना से पत्रकार एवं उनका परिवार मानसिक रूप से भयभीत है।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जहानाबाद नगर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज (कांड संख्या- 875/2026) कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच एएसआई विनय कुमार को सौंपी गई है और कानून-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
Jehanabad News: Case registered regarding death threats and a demand for ₹2 lakh in extortion made to a journalist.



















