ओंकार प्रवेशिका विद्यालय के निरीक्षण में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और रोबोटिक्स किट बंद मिली, घर-घर अभियान चलाकर छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने का आदेश।
जहानाबाद: जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने गुरुवार को जहानाबाद प्रखंड अंतर्गत मॉडल स्कूल इंटरस्तरीय ओंकार प्रवेशिका विद्यालय, केशरबाग-खैरा-जामुक का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत संरचना तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय भवन, कक्षाओं की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था, छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय, खेल मैदान, जिम रूम, स्पोर्ट्स रूम, बहुउद्देशीय सेमिनार हॉल, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, सैनिटरी वेंडिंग मशीन और संगीत शिक्षण व्यवस्था सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति बेहद कम मिलने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताई। कुल 589 नामांकित विद्यार्थियों में केवल 165 छात्र उपस्थित पाए गए। वहीं 12वीं कला संकाय में नामांकित 57 विद्यार्थियों में मात्र 15 छात्र ही विद्यालय पहुंचे थे। इस पर उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रधानाध्यापक को विशेष अभियान चलाकर छात्र उपस्थिति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक और टोला सेवकों का रोस्टर बनाकर घर-घर जाकर अभिभावकों को बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया जाए।

जिला पदाधिकारी ने 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं का निरीक्षण कर पठन-पाठन की गुणवत्ता की भी समीक्षा की। 9वीं कक्षा में सामाजिक विज्ञान की पढ़ाई संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित शिक्षक को बेहतर ढंग से पढ़ाने तथा सभी विषयों के लिए अलग-अलग पाठ्य सामग्री उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। आईसीटी लैब के निरीक्षण के दौरान कंप्यूटर शिक्षक की अनुपस्थिति के कारण लैब बंद मिली। इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी को उपलब्ध शिक्षकों के माध्यम से लैब संचालन शुरू कराने और नियमित शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं विज्ञान प्रयोगशाला में नियमित प्रायोगिक कक्षाएं संचालित करने को भी कहा गया। विद्यालय में उपलब्ध रोबोटिक्स एवं कोडिंग किट बंद पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष जताते हुए प्रधानाध्यापक को इसे विद्यार्थियों के उपयोग में लाकर शिक्षण कार्य से जोड़ने का निर्देश दिया। स्मार्ट क्लास के संचालन नहीं होने पर उसे जल्द शुरू कराने का आदेश दिया गया। साथ ही “उन्नयन बिहार” कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध अध्ययन सामग्रियों के नियमित उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अटल टिंकरिंग लैब (ATL) की अनुपलब्धता पर जिला शिक्षा पदाधिकारी को विभागीय समन्वय स्थापित कर इसकी व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्यालय परिसर के खेल मैदान पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर संबंधित अंचल अधिकारी को नियमानुसार अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया, ताकि विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकारी विद्यालयों को आधुनिक संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था से सशक्त बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, जिला सूचना एवं संपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक मौजूद रहे।
Jehanabad News: DM gets angry over low student attendance during inspection of model school, gives strict instructions to improve the education system



















