सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: GLASSES FOR LIVELIHOOD PROJECT के तहत  35 वर्ष से अधिक उम्र की 10 हजार महिलाओं को मिलेगा निःशुल्क चश्मा।

जहानाबाद महिलाओं की आजीविका, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत Glasses for Livelihood Project का शुभारंभ किया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत प्रयत्न नारी शक्ति महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड ने पीसीआई (PCI) के साथ एकरारनामा किया है। इसके तहत जहानाबाद प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में 35 वर्ष से अधिक उम्र की लगभग 10 हजार महिलाओं को निःशुल्क नेत्र जांच एवं आवश्यकता अनुसार चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना में समूह की सदस्यता अनिवार्य नहीं होगी। परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए समिति कार्यालय में सीआरपी (कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में पीसीआई से प्रोग्राम मैनेजर इजाज अहमद तथा समिति के सीईओ भोला प्रसाद के साथ दीपक कुमार, चंद्रकांत कुमार, संतोष कुमार, रुक्मिणी देवी सहित सभी सीआरपी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से महिलाएं आंखों से जुड़ी समस्याओं के बावजूद इलाज के लिए अस्पताल तक नहीं पहुंच पाती हैं। रोजमर्रा के घरेलू कार्यों और उम्र बढ़ने के कारण महिलाओं की आंखों की रोशनी धीरे-धीरे कमजोर हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संस्था द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच और चश्मा वितरण की व्यवस्था की गई है।
सीआरपी को प्रशिक्षित किया गया कि वे गांव-गांव जाकर महिलाओं की आंखों की जांच करें और जरूरत के अनुसार निःशुल्क चश्मा वितरित करें। जिन महिलाओं को नजदीक या दूर की दृष्टि में परेशानी है, उनके लिए पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर या घर-घर जाकर चश्मा वितरण किया जाएगा। यह सुविधा केवल महिलाओं के लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर संतोष कुमार ने बताया कि उनकी संस्था महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। संस्था महिलाओं को स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित करती है और उन्हें छोटे-छोटे उद्योगों से जोड़ती है, जैसे बकरी पालन, सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर और अन्य घरेलू उद्यम। उन्होंने बताया कि समूह के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए आपसी सहयोग से बचत की जाती है, जिससे महिलाएं अपनी जरूरत के अनुसार व्यवसाय शुरू कर सकें और एक-दूसरे की मदद कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के उपरांत समिति अध्यक्ष नीतू कुमारी द्वारा कार्यक्रम के स्थगन की घोषणा की गई।
यह परियोजना न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार में सहायक होगी, बल्कि उनकी आजीविका और आत्मनिर्भरता को भी नई दिशा प्रदान करेगी।

Jehanabad News: Under the GLASSES FOR LIVELIHOOD PROJECT, 10 thousand women above 35 years of age will get free glasses.

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News