DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: उप विकास आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर बाल विवाह मुक्ति जागरूकता रथ को किया रवाना

Jehanabad News: उप विकास आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर बाल विवाह मुक्ति जागरूकता रथ को किया रवाना
IMG_20260122_203348

जहानाबाद जिले को बाल विवाह से मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बाल विवाह मुक्ति जागरूकता रथ को विकास भवन परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस जागरूकता रथ को उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, श्रम अधीक्षक मृत्युंजय झा, बाल कल्याण समिति के सदस्य संजय सिन्हा एवं ग्राम स्वराज्य समिति घोषी के सचिव राम शंकर शर्मा ने संयुक्त रूप से रवाना किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति ने बताया कि यह जागरूकता रथ जिले के सभी गांवों, प्रखंड मुख्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों, धार्मिक स्थलों (मंदिर, मस्जिद, चर्च), सरस्वती पूजा पंडालों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से आमजन को बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों, इसके रोकथाम के उपायों तथा इससे जुड़े कानूनों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जागरूकता रथ को बाल विवाह से संबंधित भारत सरकार एवं राज्य सरकार के अध्यादेशों, कानूनन दंडात्मक प्रावधानों और सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्रियों से पूरी तरह सुसज्जित किया गया है, ताकि लोगों को स्पष्ट और प्रभावी संदेश दिया जा सके। गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा 27 नवंबर 2024 को “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” का शुभारंभ किया गया था, जिसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक देश को बाल विवाह मुक्त बनाना है। इस संकल्प की प्रथम वर्षगांठ पर भारत सरकार ने 100 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान की घोषणा की है। इस अभियान के तहत ग्राम स्वराज्य समिति घोषी, जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन एलायंस के सहयोग से ‘एक्सेस टू जस्टिस फॉर चिल्ड्रेन’ कार्यक्रम के अंतर्गत बीते दो वर्षों से जहानाबाद जिले में कार्य कर रही है। संस्था बाल विवाह के साथ-साथ बाल मजदूरी और बाल व्यापार जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन एलायंस के संस्थापक भुवन रिभू के मार्गदर्शन में जिले भर में जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला स्तरीय पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में बाल विवाह, बाल मजदूरी और बाल व्यापार को समाप्त करने की शपथ भी दिलाई जा रही है। इसके अलावा पंचायत और ग्राम स्तर पर बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति का गठन, सामुदायिक बैठक, कैंडल मार्च, प्रभात फेरी और पदयात्रा जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में रवाना किया गया यह बाल विवाह मुक्ति जागरूकता रथ 08 मार्च 2026 तक जिले के पंचायतों, गांवों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और धार्मिक स्थलों में भ्रमण कर बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का संदेश फैलाएगा और समाज के सभी वर्गों से इस सामाजिक कुरीति को मिटाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करेगा। अंत में अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग कर जहानाबाद जिले को बाल विवाह मुक्त बनाएं और जिले के गौरव को बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Jehanabad News: Deputy Development Commissioner flagged off the Child Marriage Liberation Awareness Chariot.

Digital Women Trust
AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News

Advertisement

⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़