
जहानाबाद डीएवी पब्लिक स्कूल, जहानाबाद में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल प्रांगण में ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात राष्ट्रगान और वंदे मातरम् गान से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. चंद्रभूषण शर्मा, पूर्व प्राचार्य, एस.एस. कॉलेज, जहानाबाद एवं विशिष्ट अतिथि सुश्री सुकृति कुमारी, 32वीं बिहार न्यायिक सेवा परीक्षा की द्वितीय टॉपर ने समारोह की शोभा बढ़ाई। विद्यालय के प्राचार्य के.के. पांडेय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और प्रेरणादायक भाषणों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अंग्रेजी और हिंदी भाषण, कत्थक नृत्य, गिटार वादन, लोक नृत्य और देशभक्ति नाट्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत “आई लव माई इंडिया” कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘प्रतिभा सम्मान’ समारोह रहा, जिसमें विद्यालय की पूर्व छात्रा सुश्री सुकृति कुमारी को बिहार न्यायिक सेवा परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने छात्रों को मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि डॉ. चंद्रभूषण शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने कर्तव्यों और अधिकारों की याद दिलाता है। उन्होंने अनुशासन और मूल्यों के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन चितरंजन कुमार एवं सुश्री जया दुबे ने किया। विद्यालय की शिक्षिका एन. भारती द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने देश की समृद्धि और उन्नति की कामना की।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












