डेडसैया, मनियावा, काजीसराय, सुकियावा और लखावर के स्वास्थ्य संस्थानों का लिया जायजा; कर्मियों को समय पर उपस्थिति और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के निर्देश
जहानाबाद। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति की पड़ताल और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को सिविल सर्जन डॉ. हरिशचंद्र चौधरी ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने काको, हुलासगंज और घोसी प्रखंड के कई अस्पतालों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (24×7) डेडसैया-काको, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर मनियावा, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काजीसराय-काको, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकियावा-हुलासगंज तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र लखावर-घोसी का निरीक्षण किया।
उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में एएनएम, जीएनएम और स्टाफ नर्सों की उपस्थिति पंजी एवं ड्यूटी रोस्टर की जांच की। साथ ही चिकित्सकों की रोस्टर ड्यूटी, आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।
सिविल सर्जन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। इस दौरान एनीमिया मुक्त भारत अभियान, एनसीडी क्लीनिक, टीबी स्क्रीनिंग समेत अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से भी सिविल सर्जन ने सीधे बातचीत की। उन्होंने इलाज, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। मरीजों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन ने स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पतालों में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित हो और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सरकार द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
Jehanabad News: Civil Surgeon conducts surprise inspection; reviews facilities at health institutions.

















