वृद्धाश्रम में श्रद्धांजलि के बाद बुजुर्गों को कराया भोजन, रेलवे स्टेशन पर जरूरतमंदों के बीच बांटे भोजन के पैकेट
जहानाबाद। अपनी माता की पुण्यतिथि पर युवा कवि निशांत कुमार ने सेवा और श्रद्धांजलि का अनूठा उदाहरण पेश किया। उन्होंने सबसे पहले स्थानीय वृद्धाश्रम पहुंचकर अपनी माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आश्रम में मौजूद बुजुर्गों और अन्य लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा के बाद निशांत कुमार ने अपने हाथों से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को भोजन कराया। उन्होंने सभी बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनका आशीर्वाद लिया। सेवा भाव से अभिभूत बुजुर्गों ने उन्हें सुखी और सफल जीवन का आशीर्वाद दिया।
इसके बाद निशांत कुमार सेवा कार्य के लिए रेलवे स्टेशन परिसर पहुंचे। यहां ट्रेन का इंतजार कर रहे जरूरतमंद यात्रियों, गरीबों और फुटपाथ पर रहने वाले असहाय लोगों के बीच भोजन के पैकेट वितरित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों को भोजन कराया गया।
निशांत कुमार ने कहा कि उनकी माता की शिक्षा और संस्कार ही उनके जीवन की प्रेरणा हैं। माता की पुण्यतिथि पर किसी भूखे को भोजन कराने और बुजुर्गों की सेवा करने से उन्हें आत्मिक शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि वह हर वर्ष अपनी माता की स्मृति में इसी तरह के सेवा कार्य जारी रखने का प्रयास करेंगे। इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि माता-पिता की स्मृति को सेवा कार्यों से जोड़ना समाज में सकारात्मक संदेश देता है। श्रद्धांजलि सभा में डॉ. सुरेंद्र कुमार सुनील, प्रशांत कुमार, प्रियांशु कुमारी, अमर कुमार, सनी कुमार, नेहा सिंह, सुजीत कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Jehanabad News: Service at an old age home on mother’s death anniversary; sought blessings from the elderly.


















