
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी शानदार चुनाव जीतकर अपने सरकार बनाने जा रही है। वहीं कांग्रेस खेमे में हरियाणा को लेकर भारी मायूसी छाई हुई है। मंगलवार से ही चुनाव नतीजे को लेकर राहुल गांधी की पहली प्रक्रिया का इंतजार हो रहा था। 24 घंटे बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दोनों राज्यों के नतीजों पर अपनी चुप्पी तोड़ी । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल ने कहा कि हरियाणा के नतीजे अप्रत्याशित, हम विश्लेषण कर रहे हैं। साथ ही राहुल ने जम्मू-कश्मीर चुनाव में इंडी गठबंधन को मिली जीत को संविधान की जीत बताया। साथ ही कहा कि हरियाणा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आने वाली शिकायतों के बारे में चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे।राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा- जम्मू-कश्मीर में इंडिया ब्लॉक की जीत संविधान की जीत है। हरियाणा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आने वाली शिकायतों के बारे में चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे।
जम्मू-कश्मीर के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया – प्रदेश में इंडिया गठबंधन की जीत संविधान की जीत है, लोकतांत्रिक स्वाभिमान की जीत है। हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। अनेक विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे।सभी हरियाणा वासियों को उनके समर्थन और हमारे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए दिल से धन्यवाद। हक का, सामाजिक और आर्थिक न्याय का, सच्चाई का यह संघर्ष जारी रखेंगे, आपकी आवाज बुलंद करते रहेंगे। जम्मू-कश्मीर में 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने बाद पहली बार कराए गए विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन ने शानदार जीत हासिल की।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की निर्णायक जीत का श्रेय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। इस जीत से आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का उत्साह बढ़ा है जहां वह अपने दो सहयोगियों के साथ कठिन लड़ाई के लिए तैयार है। साथ ही पार्टी का आगामी झारखंड और दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए भी मनोबल बढ़ा है। भाजपा के साथ-साथ नेकां-कांग्रेस गठबंधन को क्रमशः हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की 90-90 सदस्यीय विधानसभा में स्पष्ट बहुमत मिला है। हरियाणा विधानसभा चुनाव से महज छह महीने पहले मनोहर लाल खट्टर को अप्रत्याशित रूप से हटाकर मुख्यमंत्री बनाए गए 54 वर्षीय नायब सिंह सैनी के अपने पद पर बने रहने की संभावना है, वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने घोषणा की है कि उनके बेटे और पार्टी नेता उमर अब्दुल्ला मुख्यमंत्री होंगे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












