
हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। एक तो इन दोनों राज्यों के चुनावों में भाजपा हाईकमान अपनी सरकार बनाने को लेकर कॉन्फिडेंस में नजर नहीं आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत तमाम भाजपा के स्टार प्रचारक हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में प्रचार तो कर रहे हैं लेकिन पूरी तरह से आस्वस्त नहीं है। इस बीच पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने ऐनमौके पर इस्तीफा देकर पीएम मोदी की टेंशन और बढ़ा दी है। सबसे खास बात यह है कि पंजाब में होने वाले पंचायत चुनाव से ठीक पहले भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्हें एक साल पहले ही इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जाखड़ को पिछले साल जुलाई में प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बीजेपी ने 4 जुलाई 2023 को उन्हें पंजाब बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए बीजेपी ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी थी। मगर 14 महीने बाद उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया। पंजाब में पंचायत चुनाव पर चर्चा और तैयारियों को लेकर गुरुवार को पार्टी कार्यालय में मीटिंग रखी गई थी। इसके लिए भी वह नहीं आए थे। जब बीजेपी के किसी सीनियर मेंबर ने उन्हें इस बारे में फोन किया तो उनका जवाब था कि वह बैठक में शामिल नहीं हो रहे हैं और आगे भी किसी भी मीटिंग में शामिल नहीं होंगे। इससे पहले जालंधर विधानसभा के उपचुनाव के बाद उनकी तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को बताया गया था कि वह प्रधान पद पर नहीं रहना चाहते हैं। पंजाब में 15 अक्टूबर को पंचायत चुनाव पंजाब में 2 दिन पहले ही पंचायती चुनाव का एलान हुआ था। 15 अक्टूबर को वोटिंग होंगी। इसी दिन रिजल्ट भी आएंगे। 27 से 4 अक्टूबर तक पंच व सरपंच पद के लिए नॉमिनेशन दाखिल कर सकते हैं।

जाखड़ रवनीत सिंह बिट्टू को मंत्री बनाए जाने से नाखुश थे। सुनील जाखड़ के भाजपा से अलग होने पर हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव पर भी असर पड़ेगा। बता दें, 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले पंजाब बीजेपी में बड़ा बदलाव हुआ था। तब पार्टी ने पूर्व कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ को पंजाब इकाई की कमान सौंपी थी। पंजाब कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में से एक जाखड़ पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद मई 2022 में भाजपा में शामिल हो गए थे। वह राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में भगवा पार्टी में शामिल हुए थे। बता दें कि जाखड़ अबोहर से दो बार विधायक और एक बार गुरदासपुर निर्वाचन क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। जाखड़ ने 2021 तक चार साल तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में भी काम किया था। पठानकोट निर्वाचन क्षेत्र से विधायक अश्वनी शर्मा 2010 से 13 और 2019 से अब तक दो बार प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं दूसरी ओर अभिनेत्री से सांसद बनीं कंगना रनौत ने कृषि कानून को लेकर जो बयान दिया है, उसने विरोधियों को बैठे बिठाये बीजेपी पर हमले का मौका दे दिया है। कंगना ने बाद में सफाई देकर डैमेज कंट्रोल की कोशिश तो की है, लेकिन हरियाणा चुनाव में ये बड़ा मुद्दा बन गया है। हालांकि, कंगना ने बाद में कहा कि ये उनकी व्यक्तिगत राय है, लेकिन अब क्या फायदा। इस छोटे से बयान से कंगना रनौत ने हरियाणा में बीजेपी को बड़ा फंसा दिया है। कंगना ने बयान मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र मंडी में दिया। तो इसकी गूंज हिमाचल की वादियों से निकलकर हरियाणा की सियासी गलियों में पहुंच गई। कांग्रेस ने तो ये तक कह दिया कि ये कंगना नहीं बीजेपी बोल रही है। कांग्रेस को तो मानों हरियाणा में मन मांगी मुराद मिल गई। पिछले महीने भी कंगना ने किसानों को लेकर बयान दिया था और अब महीने भर में दोबारा बोलकर पार्टी को फंसा दिया है। उल्लेखनीय है कि तीन साल पहले साल 2021 में किसानों ने बड़ा आंदोलन किया था जिसकी वजह से प्रधानमंत्री को विवादित तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना पड़ गया था। मामला दबा हुआ था, लेकिन कंगना ने दबी चिंगारी को हवा दे दी है। पहले कंगना रनौत के विवादित बयान और अब सुनील जाखड़ का ऐनमौके पर इस्तीफा हरियाणा, जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के बीच भाजपा के लिए सिरदर्दी बढ़ा गया।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !


















