बिहार के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोहतास पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी पूरी तरह से बिहारी स्टाइल में गले में गमछा डाले दिखाई दिए। अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने कई बार भोजपुरी भाषा में भी लोगों को संबोधित किया। पटना से हेलिकॉप्टर से पीएम मोदी बिक्रमगंज पहुंचे। फिर, एक स्पेशल गाड़ी से सभा स्थल पर पहुंचे। खास बात कि ये पीएम मोदी की गाड़ी आमलोगों के बीच से गुजरी और इस ‘खुली गाड़ी’ पर पीएम मोदी के साथ सीएम नीतीश और दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा मौजूद थे। भगवा रंग की इस गाड़ी को काफी अच्छे तरीके से सजाया गया था। अब लोग ये जानन चाहते हैं कि पीएम मोदी जिस खुड़ी गाडी पर सवार हुए वो कार कौन थी? लोगों के बीच पीएम मोदी के पहुंचते ही नारेबाजी होने लगी। ऑपरेशन सिंदूर का शेर आया जैसे नारे लग रहे थे। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पहली बार बिहार पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार विक्रमगंज में एक जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 48,520 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम की रीति नए भारत की नीति बन गई है। बिहार के रोहतास जिले के विक्रमगंज में पीएम मोदी की सभा थी। जिला मुख्यालय सासाराम है। सासाराम का नाम लेते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इसके तो नाम में ही राम है। राम राज्य में यह रीति थी- प्राण जाए पर वचन न जाए। राम की रीति अब नए भारत की नीति बन गई है।
पीएम मोदी ने कहा- पहलगाम में आतंकी हमले के बाद बिहार की धरती से आतंकवाद को चेताया था
पीएम मोदी ने कहा कि पहलगाम में आतंकी हमले के बाद बिहार की ही धरती से आतंकवाद को चेताया था और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए उस वचन को निभाने के बाद यहां आया हूं। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, कितने निर्दोष नागरिक मारे गए। इस जघन्य आतंकी हमले के एक दिन बाद मैं बिहार आया था और मैंने बिहार की धरती से देश को वादा किया था, वचन दिया था, बिहार की धरती पर आंख में आंख मिलाकर हमने कह दिया था कि आतंक के आकाओं के ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। उन्होंने कहा, बिहार की धरती पर मैंने कहा था उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। आज जब मैं बिहार आया हूं तो अपने वचन पूरा करने के बाद आया हूं। इन लोगों ने पाकिस्तान में बैठकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था। हमारी सेना ने उनके ठिकानों को खंडहर में बदल दिया है। ये नया भारत है, ये नए भारत की ताकत है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज दुनिया ने देख लिया कि हमारे देश की बेटियों के सिंदूर में क्या शक्तियां होती हैं, देश ने भी देखा, दुनिया ने भी देखा। पाकिस्तान की सेना की छत्रछाया में आतंकी सुरक्षित मानते थे, लेकिन भारतीय सेना ने एक ही झटके में इन्हें घुटने पर ला दिया है। पाकिस्तान के एयरबेस और सैन्य ठिकानों को हमने कुछ ही समय में तबाह कर दिया। यह नया भारत है और नए भारत की ताकत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के सैकड़ों नौजवान सुरक्षा के लिए सेना और बीएसएफ में अपनी जवानी खपा देते हैं। देश और दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर में बीएसएफ के अभूतपूर्व पराक्रम और अदम्य साहस को देखा है। ये बीएसएफ सीमा पर अभेद चट्टान है। उन्होंने शहीद इम्तियाज को भी श्रद्धांजलि दी और नमन किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने यह भी कहा कि अभी तो तरकश से एक ही तीर निकाला है। आतंकवाद की लड़ाई न रुकी है न थमी है। आतंकवाद का फन अगर निकला तो बिल से खींचकर कुचलने का काम किया जाएगा।
पीएम मोदी ने नीतीश सरकार की तारीफ की और लालू परिवार और राजद पर बोला हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार में जंगलराज वाली सरकार की विदाई हुई तो नीतीश जी के नेतृत्व में विकास होने लगा। पहले न हाईवे-न अस्पताल और न कोई विकास। पहले सिर्फ पटना एयरपोर्ट था, लेकिन अब दरभंगा एयरपोर्ट भी बन गया है। पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल का उद्घाटन किया। बिहटा एयरपोर्ट पर भी 1400 करोड़ का निवेश हो रहा है। पीएम ने कहा कि आज बिहार में वर्ल्ड क्लास ट्रेनें चल रही हैं। हम रेलवे का आधुनिकीकरण भी कर रहे हैं। ये काम पहले भी हो सकते थे, लेकिन जिन पर ये जिम्मेदारी थी। उन्होंने नौकरी के नाम पर गरीबों की जमीन लूटने का काम किया। सामाजिक न्याय के उनके यही तरीके थे। गरीबों को लूटना और खुद राजशाही की मौज करना। जंगलराज वालों के तौर-तरीके से आप लोगों को आगे भी सावधान रहने की जरूरत है।जिन लोगों ने बिहार को सबसे ज्यादा ठगा, जिनके दौर में वंचित लोगों को बिहार छोड़कर जाना पड़ा, आज वही लोग सामाजिक न्याय का झूठ बोल रहे हैं। दशकों तक आदिवासी, गरीबों के पास शौचालय नहीं था। करोड़ों लोगों के सिर पर छत तक नहीं थी। क्या कांग्रेस-आरजेडी का यही सामाजिक न्याय था। जबकि इससे ज्यादा अन्याय नहीं हो सकता है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












