
जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद नई सरकार शुरू हो गई है। जम्मू कश्मीर में सरकार के गठन को लेकर भारत समेत पड़ोसी पकिस्तान की निगाहें लगी हुई थी। उमर अब्दुल्ला केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में बुधवार दोपहर 11:30 बजे उमर अब्दुल्ला ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के रूप में अब्दुल्ला का दूसरा कार्यकाल होगा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने डिप्टी सीएम सुरेंदर चौधरी, मंत्री सकीना इट्टू, जावेद राणा, जावेद डार, सतीश शर्मा को भी शपथ दिलाई। पहले कार्यकाल में वह 5 जनवरी 2009 से 8 जनवरी 2015 तक जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री थे।





इस शपथ ग्रहण समारोह में इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हुए। शपथ समारोह में मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, केसी वेणुगोपाल, प्रकाश करात, डी राजा, कनिमोझी, सुप्रिया सुले, संजय सिंह, सुखबीर सिंह बादल आदि शामिल हुए । कांग्रेस ने सरकार में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है । कांग्रेस ने पहले ही साफ कर दिया था कि उनका कोई भी विधायक आज कैबिनेट की शपथ नहीं लेगा । जम्मू-कश्मीर में पिछले विधानसभा चुनाव 10 साल पहले 2014 में हुए थे। चुनाव के बाद भाजपा-पीडपी ने गठबंधन सरकार बनाई थी। 2018 में भाजपा के समर्थन वापस लेने के बाद सरकार गिर गई थी और महबूबा मुफ्ती ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।इसके बाद राज्य में 6 महीने तक राज्यपाल शासन रहा, फिर राष्ट्रपति शासन लागू हो गया। इसी बीच 2019 में लोकसभा चुनाव हुए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत के साथ केंद्र में लौटी। इसके बाद 5 अगस्त, 2019 को बीजेपी सरकार ने राज्य को विशेष दर्जा देने वाला आर्टिकल-370 खत्म कर दिया।साथ ही राज्य को को दो केंद्र-शासित प्रदेशों (जम्मू-कश्मीर और लद्दाख) में बांट दिया। इसके बाद करीब 6 साल तक राज्य में राष्ट्रपति शासन रहा और अब जाकर विधानसभा चुनाव हुए हैं। 2024 विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 42, उसकी सहयोगी पार्टी कांग्रेस ने 6 और सीपीआई (एम) ने एक सीट जीती थी।उमर अब्दुल्ला ने गांदरबल और बडगाम दो सीटों से चुनाव लड़ा था। वे दोनों पर जीते हैं। माना जा रहा है कि वे गांदरबल सीट बरकरार रख सकते हैं।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












