जहानाबाद, जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गया-पटना मुख्य मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात वाहन ने एक बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला सड़क किनारे पैदल चल रही थीं, तभी तेज गति से आ रहे वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी रहीं। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत महिला को उठाकर जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल वह खतरे से बाहर बताई जा रही हैं। घायल महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। उनकी पहचान के लिए स्थानीय लोग और प्रशासन प्रयास कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गया-पटना रोड सहित बाजार और गलियों में भी वाहनों की तेज रफ्तार आम बात हो गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
Jehanbad News: The havoc of high speed, elderly woman injured after being hit by an unknown vehicle












