जहानाबाद,जिले के प्रसिद्ध मगही कवि स्व. राम विनय शर्मा ‘विनय’ को श्रद्धांजलि देने के लिए एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मगही विकास मंच और जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन, जहानाबाद के संयुक्त तत्वावधान में जिला कला एवं सांस्कृतिक मंच के भवन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मगही विकास मंच के अध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद ‘देहाती’ ने की, जबकि मंच संचालन का दायित्व कवि चितरंजन चैनपुरा ने निभाया। सभा की शुरुआत विश्वजीत कुमार ‘अलबेला’ के भावपूर्ण निर्गुण गायन से हुई, जिसने वातावरण को भावुक बना दिया।
कवि सुधाकर राजेन्द्र स्व. राम विनय शर्मा को याद करते हुए भावुक हो उठे। उन्होंने कहा, “उनकी रचनाओं को जन-जन तक पहुंचाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।” कवि दीपक कुमार ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा, “उस महामानव का सान्निध्य नहीं मिल पाना मेरे लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।” वहीं कवि रविशंकर शर्मा ने कहा कि “उनके साथ रहने से कवियों की लेखनी में नई धार आ जाती थी।”
इस अवसर पर शैलेन्द्र कुमार ‘शैल’, महेश कुमार ‘मधुकर’, गौतम परासर, लोकेश भूषण, अरविंद कुमार ‘आजॉस’ सहित कई प्रतिष्ठित कवि व साहित्यकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी ने स्व. राम विनय शर्मा के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत कवि को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
यह श्रद्धांजलि सभा न केवल उनके प्रति सम्मान का प्रतीक थी, बल्कि मगही साहित्य को समर्पित उनके योगदान की स्मृति को जीवंत बनाए रखने का संकल्प भी।
Jehanabad News: Tribute paid to the renowned Magahi poet of the district, late Ram Vinay Sharma
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












