कोरोना थाना के पास अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने दो बाइकों को मारी टक्कर, एक की मौत, कई घायल।
जहानाबाद में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला कोरोना थाना क्षेत्र के पास का है, जहां एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान गुंजा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुंजा कुमारी एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। वह रोहित और माया कुमारी के साथ एक ही बाइक पर सवार थी। इसी दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुंजा कुमारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार बबलू और एमडी तस्लीम भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार दोनों इलाज कराने के लिए मखदुमपुर की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। रोहित की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे बनने के बाद से तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण सड़क हादसों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। लोगों ने प्रशासन से वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। मामले को लेकर कोरोना थाना के ASI शाहनवाज खान ने बताया कि वे गश्ती पर थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
Jehanabad News: Speeding wreaks havoc, young woman dies in road accident, four injured



















