DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: नीतीश कुमार के 20 वर्षों के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : सुनील कुमार

Jehanabad News: नीतीश कुमार के 20 वर्षों के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : सुनील कुमार
InShot_20261124_213546006

सुशासन दिवस पर जदयू ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, 2005 के बिहार और 2026 के बिहार के बदलाव पर हुई चर्चा; निशांत कुमार को भविष्य का नेतृत्व सौंपने की जताई इच्छा

जहानाबाद। जिले में मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड की ओर से सुशासन दिवस के अवसर पर ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय अब्दुलबारी नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल और इस दौरान राज्य में हुए विकास कार्यों को कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों के बीच रखा गया। वक्ताओं ने 2005 के बिहार और 2026 के बिहार की तुलना करते हुए कहा कि इन दो दशकों में राज्य में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, रोजगार और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है।

Digital Women Trust

कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप कुशवाहा, वर्तमान जिला अध्यक्ष सुशील कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान जहानाबाद के पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी के पुत्र एवं जदयू नेता सुनील कुमार समेत अन्य नेताओं ने भी मंच से अपनी बातें रखीं। अतिथियों ने नीतीश कुमार के कार्यकाल की चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने की अपील की।

इस मौके पर जदयू नेता सुनील कुमार ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से जदयू से जुड़ा रहा है। उनके पिता चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को पार्टी ने जहानाबाद संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया था। एक अति पिछड़े समाज से आने वाले व्यक्ति को लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाकर पार्टी ने सामाजिक न्याय और सभी वर्गों को राजनीतिक भागीदारी देने की अपनी सोच को प्रदर्शित किया। जनता ने भी पार्टी के इस विश्वास पर मुहर लगाते हुए उन्हें जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि जदयू ऐसी पार्टी है, जो समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती है।

सुनील कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल से सभी को सीखने की जरूरत है। उन्होंने बिहार की अर्थव्यवस्था और विकास को नई दिशा देने का काम किया। राज्य में सड़कों का जाल बिछाया गया, गांवों तक बिजली पहुंची और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गईं। वहीं, युवाओं और किसानों के लिए भी रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। पशुपालन, बकरी पालन और मुर्गी पालन जैसी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि लोग शाम के बाद घरों से निकलने में डरते थे। आज परिस्थितियां बदली हैं। महिलाएं और पुरुष देर रात भी अपने काम से घर लौट सकते हैं। सड़क, बिजली, पक्के मकान और सुरक्षा के क्षेत्र में हुए बदलाव आम जनता के सामने हैं। यह बदलाव नीतीश कुमार के नेतृत्व और उनकी विकासपरक सोच का परिणाम है।

सुनील कुमार ने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम किया है। जिस तरह जननायक कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम किया था, उसी तरह नीतीश कुमार ने भी सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि वे लोग नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम करते रहे हैं और उनके बाद निशांत कुमार को भविष्य में पार्टी का नेतृत्व करते देखना चाहते हैं। उन्होंने निशांत कुमार को बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में देखने की अपनी इच्छा भी जाहिर की। कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। नेताओं ने कहा कि बिहार में हुए बदलाव को जनता ने अपनी आंखों से देखा है। सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की नीतियों को आगे बढ़ाना पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने संकल्प लिया कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही, प्रत्येक वर्ष 24 नवंबर को सुशासन दिवस के रूप में मनाने की बात कही गई।

Jehanabad News: It is our responsibility to convey Nitish Kumar’s 20 years of development work to the public: Sunil Kumar

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News

Advertisement

Rudra enterprises - Devanshu Deepak Jehanabad
⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़