फाइनल में सिकंदरपुर क्रिकेट क्लब को 39 रनों से हराया, कुंदन कुमार बने मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज।
जहानाबाद रतनी प्रखंड क्षेत्र के सावन बिगहा खेल मैदान में आयोजित सावन बिगहा प्रीमियर लीग (एसबीपीएल) का रोमांचक फाइनल मुकाबला देर रात संपन्न हुआ। फाइनल में शकूराबाद क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिकंदरपुर क्रिकेट क्लब को 39 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। 10 ओवरों के इस फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शकूराबाद क्रिकेट क्लब ने निर्धारित ओवरों में 146 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिकंदरपुर क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित रन गति के अनुरूप बल्लेबाजी नहीं कर सकी। टीम ने 10 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए। इस प्रकार शकूराबाद क्रिकेट क्लब ने 39 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। टूर्नामेंट के आयोजक अजय कुमार ने बताया कि पूरे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शकूराबाद क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी कुंदन कुमार को मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनके हरफनमौला प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। विजेता शकूराबाद क्रिकेट क्लब को ट्रॉफी के साथ 10 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता सिकंदरपुर क्रिकेट क्लब को ट्रॉफी एवं 4 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी राजद के आभा रानी द्वारा किया गया था। वहीं समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में समाजसेवी शिवशंकर यादव ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में अंपायर रविकांत कुमार, अभय कुमार एवं रिशु कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं पिंटू कुमार ने अपनी रोचक कमेंट्री से पूरे मैच के दौरान दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस क्रिकेट प्रतियोगिता ने स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान किया। फाइनल मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। जीत के बाद शकूराबाद क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों और समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया तथा एक-दूसरे को बधाई दी।
Jehanabad News: Shakurabad Cricket Club wins the Sawan Bigha Premier League title.


















