:
जहानाबाद में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिला अधिकारी अलंकृता पाण्डेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में पढ़ाई के समय में बदलाव किया गया है। यह आदेश 22 मई 2026 से लागू होकर 26 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा। जारी आदेश में कहा गया है कि दोपहर के समय पड़ रही तेज गर्मी और लू जैसी स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह निर्देश जारी किया गया है।

आदेश के मुताबिक जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 5 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाओं का संचालन केवल पूर्वाह्न 11 बजे तक ही किया जाएगा। इसके बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि संचालित नहीं होगी।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि वे आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से जहानाबाद समेत पूरे मगध क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बच्चों को गर्मी से बचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन का यह निर्णय राहत देने वाला माना जा रहा है।
Jehanabad News: School timings changed in Jehanabad due to intense heat, order in effect till May 26



















