जहानाबाद। गांधी मैदान स्थित बचपन प्ले स्कूल में गुरुवार को बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल के शिक्षकों की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की थीम हरियाली और सावन पर आधारित रही। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-पाठ और पौधरोपण के साथ की गई। इसके बाद बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेल, संगीत और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनके माता-पिता ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान स्कूल परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बचपन प्ले स्कूल की खास पहल यह है कि यहां बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न त्योहारों और भारतीय संस्कृति की जानकारी भी गतिविधियों के माध्यम से दी जाती है। स्कूल में सावन, दुर्गापूजा, दीपावली, छठ, ईद, बकरीद सहित अलग-अलग पर्वों के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को भी शामिल किया जाता है, ताकि वे बच्चों की गतिविधियों, सीखने के तरीके और शिक्षकों के साथ उनके व्यवहार को करीब से देख सकें।

स्कूल के संचालक अरुण कुमार ने बताया कि त्योहारों के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना स्कूल की कार्यप्रणाली का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ एक्स्ट्रा एक्टिविटी पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। फिलहाल सावन का पावन महीना चल रहा है, इसलिए बच्चों को सावन की महत्ता, हरियाली और प्रकृति संरक्षण के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शामिल अभिभावकों ने भी स्कूल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ अभिभावकों को भी इस तरह के कार्यक्रम में शामिल करना खुशी की बात है। इससे बच्चों में त्योहारों और संस्कृति के प्रति समझ विकसित होती है और अभिभावकों को भी स्कूल में बच्चों के साथ होने वाली गतिविधियों को करीब से देखने का अवसर मिलता है। अभिभावकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के बीच सकारात्मक संदेश देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी सहायक हैं।
Jehanabad News: Sawan Mahotsav celebrated with great enthusiasm at Bachpan Play School.


















