जहानाबाद। सफाई मजदूर कामगार यूनियन के बैनर तले सोमवार को जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र के सफाई मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल की और प्रदर्शन किया। इस दौरान सफाई मजदूरों ने स्टेशन परिसर से जुलूस निकाला, जो अरवल मोड़ होते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचा। यहां मजदूरों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा माले के राज्य कमिटी सदस्य रविंद्र यादव ने किया। इस दौरान माले नेता लक्ष्मण साह के साथ सफाई कर्मी अंजू देवी, डोमन राम, बिज्जू राम समेत बड़ी संख्या में सफाई मजदूर मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारी सफाई मजदूरों ने कहा कि उन्हें उनके कार्य के अनुरूप उचित वेतनमान दिया जाए तथा सभी मजदूरों को सुरक्षा किट उपलब्ध कराई जाए। मजदूरों के खातों में पीएफ की राशि नियमित रूप से जमा करने के साथ स्वास्थ्य, दुर्घटना और जीवन बीमा की सुविधा देने की भी मांग की गई। मजदूरों ने श्रम विभाग द्वारा निर्धारित मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने, सफाई व्यवस्था से ठेका प्रथा समाप्त करने तथा मजदूरों के शोषण और दमन पर रोक लगाने की मांग उठाई। इसके अलावा अवकाश के दिनों की मजदूरी, सभी सफाई मजदूरों को परिचय पत्र उपलब्ध कराने और हड़ताल अवधि की मजदूरी का भुगतान करने की भी मांग की गई। सफाई मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Jehanabad News: Sanitation workers protest; one-day strike over demands.



















