जहानाबाद: अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जहानाबाद द्वारा रविवार को लगातार 260वें रविवासरीय साप्ताहिक पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन रामकृष्ण परमहंस विद्यालय, बभना कटैया, रामकृष्ण नगर (नदी किनारे) में श्रद्धा, उत्साह एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया।।कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र के सस्वर उच्चारण के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पिंटू शर्मा ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि आज जब धरती प्रदूषण, बढ़ते तापमान और प्राकृतिक असंतुलन जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है, तब पौधरोपण केवल सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी बन गया है।

कार्यक्रम के दौरान प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने विद्यालय परिसर एवं नदी किनारे विभिन्न प्रकार के छायादार और फलदार पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही उपस्थित युवाओं एवं ग्रामीणों को “एक व्यक्ति–एक वृक्ष” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जहानाबाद का यह सतत अभियान समाज में पर्यावरण चेतना जगाने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक सामाजिक कार्यों से जोड़ने का प्रेरणादायी प्रयास है। इस अवसर पर गायत्री परिवार के रंगेश कुमार, कौशल कुमार, डॉ. रंजीत भारतीय, धनंजय कुमार, अजीत कुमार, संजय शर्मा, नीतीश कुमार, विनोद कुमार, श्रीराम शर्मा, गोपाल जी तथा कोलकाता यूथ ग्रुप के राहुल जी, सत्यम, पंकज सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
Jehanabad News: Pragya Youth Cell’s 260th weekly tree plantation campaign concluded, message of environmental protection given



















