जहानाबाद बिहार बंद के मद्देनजर जहानाबाद जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रतिनियुक्त पुलिस बल की मुस्तैदी, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए तथा किसी भी स्थिति से विधिसम्मत और शांतिपूर्ण तरीके से निपटा जाए।

बिहार बंद के दौरान जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और जन-सुरक्षा बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रही है। जिला पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आम लोगों की सुरक्षा और जिले में शांति बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से भी शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। जहानाबाद पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Jehanabad News: Police on alert regarding the ‘Bihar Bandh’; SP reviews security arrangements.


















