जहानाबाद में प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो, पटना द्वारा “नक्सलवाद से मुक्ति, सशक्त भारत की शक्ति” विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्तालाप” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीआरपीएफ, जिला प्रशासन और मीडिया जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर नक्सलवाद उन्मूलन में सरकार, सुरक्षा बलों, जनता और मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। समाहरणालय परिसर स्थित ग्राम प्लेक्स सभागार में आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन सीआरपीएफ बिहार सेक्टर के महानिरीक्षक राज कुमार, जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय तथा पीआईबी पटना के उप निदेशक लौकिक पारख ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उप निदेशक लौकिक पारख ने “वार्तालाप” कार्यक्रम की अवधारणा और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और जनजागरूकता का एक सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच ने नक्सलवाद को समाप्त करने में अहम भूमिका निभाई है।
लौकिक पारख, उप निदेशक, पीआईबी पटना मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सीआरपीएफ बिहार सेक्टर के महानिरीक्षक राज कुमार ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्ति भारत की एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि एक समय बिहार के 22 जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे और तथाकथित रेड कॉरिडोर देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के साहस, स्थानीय प्रशासन के समन्वित प्रयास, जनता के सहयोग और मीडिया की जिम्मेदार रिपोर्टिंग ने मिलकर इस चुनौती को समाप्त करने का कार्य किया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने नक्सलवाद की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर चर्चा की और कहा कि सुरक्षा बलों एवं जवानों के बलिदान तथा सरकार और जनता के संयुक्त प्रयासों से आज नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है।उन्होंने मीडिया से विकास, शांति और जनकल्याण से जुड़ी सकारात्मक कहानियों को प्रमुखता से सामने लाने की अपील की। वहीं अपर समाहर्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक समय क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल था, लेकिन आज जहानाबाद सहित पूरे इलाके में शांति, विकास और विश्वास का वातावरण स्थापित हो चुका है। अलंकृता पांडेय, जिलाधिकारी, जहानाबाद कार्यशाला में सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। वक्ताओं ने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए इसे नए भारत की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया। जहानाबाद में आयोजित इस क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला में नक्सलवाद उन्मूलन की सफलता को साझा करते हुए विकास, शांति और जनभागीदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में मीडिया की सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
Jehanabad News: PIB’s regional media workshop organized; deliberations held on “Freedom from Naxalism: The Strength of an Empowered India.”


















