जहानाबाद, 29 अगस्त 2026। पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति-सह-निरीक्षी न्यायाधीश, जहानाबाद विवेक चौधरी के तीन दिवसीय जहानाबाद प्रवास के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के बीच विभिन्न सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। साथ ही आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्थायी लोक अदालत, जहानाबाद के अध्यक्ष प्रभात कुमार त्रिवेदी द्वारा न्यायमूर्ति विवेक चौधरी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई।
जिला प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई-साइकिल, दृष्टिबाधित लोगों को स्मार्टफोन, Speech Aid Device सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इन उपकरणों का उद्देश्य दिव्यांगजनों की गतिशीलता, संचार क्षमता और दैनिक जीवन को आसान बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस दौरान न्यायमूर्ति विवेक चौधरी ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की प्रक्रिया, इसके लाभ और सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों के त्वरित निपटारे की जानकारी देगा।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार विकास कुमार, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया, अरवल जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ब्रजेश कुमार सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक पदाधिकारी तथा संबंधित कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद न्यायमूर्ति विवेक चौधरी ने अभिलेखागार का उद्घाटन किया। उन्होंने अभिलेखों के सुरक्षित, व्यवस्थित एवं दीर्घकालिक संरक्षण के महत्व पर जोर दिया।
तीन दिवसीय जहानाबाद प्रवास के समापन पर जिला प्रशासन की ओर से न्यायमूर्ति विवेक चौधरी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर जहानाबाद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान बाणावर की पहाड़ियों से संबंधित स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, समावेशी न्याय व्यवस्था तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक विधिक और प्रशासनिक सहायता पहुंचाने की प्रतिबद्धता को मजबूत किया गया।
Jehanabad News: Persons with disabilities received assistive devices during Justice Vivek Chaudhary’s visit to Jehanabad; he also flagged off the publicity chariot for the National Lok Adalat.



















