जहानाबाद नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (नासवी) से संबद्ध फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) डॉ. प्रीति कुमारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में मीट, मुर्गा एवं मछली मंडी मार्केट कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार पंडित, उल्टा सब्जी मंडी मार्केट कमेटी के प्रतिनिधि संतोष राम, सुदर्शन चौधरी, राजेंद्र राम एवं विक्की कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल थे। बैठक के दौरान उल्टा सब्जी मंडी में स्थायी रूप से किए गए अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अतिक्रमण के कारण दुकानदारों एवं आम लोगों को हो रही परेशानियों से डीडीसी को अवगत कराया।मामले की गंभीरता को देखते हुए उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति कुमारी ने तत्काल एक संयुक्त जांच टीम का गठन किया।

टीम में जिला परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, सिविल इंजीनियर, संबंधित शाखा के बड़े बाबू तथा आमीन को शामिल किया गया। डीडीसी के आदेश के बाद टीम ने उल्टा सब्जी मंडी पहुंचकर स्थल निरीक्षण एवं जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी। फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए जहानाबाद जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा समय रहते जांच का आदेश दिए जाने से दुकानदारों में न्याय की उम्मीद जगी है तथा अतिक्रमण की समस्या के समाधान का रास्ता प्रशस्त होगा।
Jehanabad News: Permanent encroachment in Utha Sabji Mandi will be investigated, DDC formed a joint team


















