ग्लासेस फॉर लाइवलीहुड प्रोजेक्ट के तहत बधार गांव में लगा नेत्र जांच शिविर,डीबीएस एवं पीसीआई के सहयोग से महिलाओं को दी गई सुविधा
जहानाबाद ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आंखों की समस्याओं से राहत दिलाने और उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सुरंगापुर प्रखंड के बदहर गांव में नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। ग्लासेस फॉर लाइवलीहुड प्रोजेक्ट के तहत डीबीएस एवं पीसीआई के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 300 से अधिक महिलाओं की आंखों की जांच की गई और जरूरतमंद महिलाओं को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की उन महिलाओं तक आंखों की जांच और चश्मे की सुविधा पहुंचाना था, जो आर्थिक, सामाजिक या अन्य कारणों से अस्पताल जाकर अपनी आंखों का इलाज नहीं करा पाती हैं। खासकर 30 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं में नजदीक की दृष्टि कमजोर होने की समस्या सामने आती है। इसके कारण उन्हें रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम करने में भी परेशानी होती है। महिलाओं को घर के कामकाज के दौरान चावल चुनने, सब्जी काटने, दाल साफ करने, सिलाई-कढ़ाई और अन्य बारीक कामों में नजदीक की वस्तुएं देखने में दिक्कत होने लगती है। कई बार महिलाएं उम्र बढ़ने के साथ होने वाली इस समस्या को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देती हैं। वहीं, ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं तक सीमित पहुंच के कारण भी कई महिलाएं समय पर आंखों की जांच नहीं करा पाती हैं।
इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए संस्था की ओर से गांव-गांव में शिविर लगाकर महिलाओं को चिन्हित किया जाता है। शिविर में पहले उनकी आंखों की जांच की जाती है और आवश्यकता के अनुसार निशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाता है। संस्था के इस प्रयास से महिलाओं को न केवल आंखों की समस्या से राहत मिल रही है, बल्कि उनके दैनिक कार्यों को भी आसान बनाने में मदद मिल रही है। कार्यक्रम का उद्घाटन गिव इंडिया से जुड़ी रोहिणी भाभ्या, पीसीआई के प्रोजेक्ट मैनेजर एजाज अहमद, पीसीआई के संदीप कुमार, फेडरेशन की अध्यक्ष नीतू कुमारी, सीईओ भोला प्रसाद, रुक्मिणी, दीपक,संतोष, विद्यामती, नीलू, रिया, जूली एवं चंद्रकांत सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर वार्ड सदस्य, समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह परियोजना पिछले कई महीनों से जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं तक पहुंचकर उनकी आंखों की जांच की जाती है और जरूरत के अनुसार उन्हें निशुल्क चश्मा दिया जाता है। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाए रखने के साथ उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। शिविर में चश्मा मिलने के बाद महिलाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्था के सदस्यों के प्रति आभार जताया। उनका कहना था कि अब उन्हें घर के छोटे-छोटे काम करने में पहले की तुलना में आसानी होगी।
Jehanabad News: Organization works to restore eyesight; over 300 women receive free spectacles



















