12 बच्चों को सहायक उपकरण के लिए किया गया चयन, अभिभावकों ने शिविर की व्यवस्था पर जताई संतुष्टि
जहानाबाद। बिहार शिक्षा परियोजना, जहानाबाद के तत्वावधान में 27 अक्टूबर 2026 को जहानाबाद प्रखंड स्थित डे केयर सेंटर में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों के लिए दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मेडिकल बोर्ड की टीम ने कुल 78 बच्चों की जांच की। इनमें से 12 बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चयनित किया गया।
शिविर में विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता से संबंधित बच्चों की चिकित्सकीय जांच की गई, ताकि पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सके और जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक सहायक उपकरण मुहैया कराने में मदद मिल सके।
मेडिकल बोर्ड में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशु आनंद, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. समीर कुमार लाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. श्वेता सोनी, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. प्रियंका कुमारी, नेत्र सहायक श्रीमती पूजा कुमारी तथा पीएंडओ विशेषज्ञ डॉ. सुरजीत कुमार शामिल रहे। इस अवसर पर सर्व शिक्षा अभियान के समावेशी शिक्षा के जिला समन्वयक जयंत कुमार आचार्य भी उपस्थित थे।
शिविर में पहुंचे दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों ने वहां की व्यवस्था तथा कर्मियों के व्यवहार पर संतोष जताया। अभिभावकों ने मांग की कि भविष्य में भी इस तरह के शिविर जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएं, ताकि दिव्यांग बच्चों को जांच और प्रमाणीकरण की सुविधा आसानी से मिल सके।
कार्यक्रम के सफल संचालन के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) ने मेडिकल बोर्ड की पूरी टीम और समावेशी शिक्षा की टीम को धन्यवाद दिया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की पहचान, प्रमाणीकरण तथा उन्हें आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाना रहा।
Jehanabad News: Disability certification camp organized; 78 children examined



















