जहानाबाद अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भाजपा खेल प्रकोष्ठ एवं आमा क्लब, जहानाबाद के संयुक्त तत्वावधान में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, युवाओं, बुजुर्गों तथा पूर्व खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस अवसर पर खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आमा क्लब के सचिव अनु शक्ति सिंह ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की सतत प्रक्रिया है। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आमा क्लब वर्षभर खेल एवं फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों का संचालन करता है, जिससे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके। उन्होंने बताया कि क्लब में कराटे, तलवारबाजी, बॉक्सिंग, मार्शल आर्ट सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाता है। खेल और योग एक-दूसरे के पूरक हैं और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अनु शक्ति सिंह ने केंद्र सरकार की खेल प्रोत्साहन योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” जैसे अभियान युवाओं को खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाओं के कारण भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान जिले के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें वीरेंद्र पासवान को फुटबॉल के क्षेत्र में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वे राज्य स्तरीय खिलाड़ी रह चुके हैं तथा भारतीय रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हुए भी फुटबॉल खेल चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित कर रहे हैं। इसके अलावा कुणाल सिंह को कराटे एवं तलवारबाजी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए सम्मानित किया गया। भारती कुमारी को कराटे एवं तलवारबाजी तथा आशीष कुमार को कराटे और तलवारबाजी में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। आमा क्लब के संचालक एवं प्रशिक्षक अनु शक्ति सिंह को भी बॉक्सिंग, कराटे एवं तलवारबाजी के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान तथा लंबे समय से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ खिलाड़ियों ने बच्चों और युवाओं को खेल एवं जीवन में सफलता के गुर बताए तथा नियमित योग और खेल गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। उपस्थित लोगों ने स्वस्थ, फिट और विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
Jehanabad News: Message of ‘12 Unparalleled Years’ on International Yoga Day; athletes and sports coaches felicitated.


















