दुर्गा पूजा मनाने गांव गया था परिवार, लौटने पर घर में बिखरा मिला सामान; कांग्रेस नेता संजय कुमार यादव ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की
जहानाबाद। नगर थाना क्षेत्र के देवरिया मोहल्ले में बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। परिवार दुर्गा पूजा मनाने अपने पैतृक गांव गया हुआ था। 23 अक्टूबर की सुबह जब परिवार वापस लौटा, तो मकान के अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। घर के दरवाजे और कमरों के ताले टूटे हुए थे, जबकि बक्सों में रखा सामान बिखरा पड़ा था। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है।
दुर्गा पूजा में गांव गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, घोसी थाना क्षेत्र के भेलई गांव निवासी दिलीप कुमार, स्वर्गीय श्री कृष्ण सिंह के पुत्र हैं। वह पिछले सात वर्षों से जहानाबाद के देवरिया मोहल्ले में मनोज कुमार के मकान में किराये पर रह रहे हैं। दिलीप कुमार ने नगर थाना पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह 17 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ दुर्गा पूजा मनाने पैतृक गांव गए थे।
23 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे बच्चे के स्कूल खुलने के कारण वह परिवार के साथ वापस अपने किराये के मकान पर पहुंचे। बाहर से बाउंड्री के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर जाने पर गेट का कब्जा उखड़ा मिला। कमरे का ताला भी टूटा हुआ था। घर के अंदर रखे बक्सों को तोड़कर सामान निकाल लिया गया था। इसके बाद परिवार ने घर में रखे सामान की जांच की, तो कई कीमती वस्तुएं गायब मिलीं।
सोने-चांदी के जेवर, 45 हजार नकद और घरेलू सामान गायब
पीड़ित के आवेदन के मुताबिक, चोर घर से करीब 15 ग्राम की सोने की सिकड़ी, 10 ग्राम का मंगलसूत्र, 10 ग्राम के झुमके, 20 ग्राम का सोने का बाला और चांदी की पायल ले गए। इसके अलावा घर में रखे लगभग 45 हजार रुपये नकद, टीवी/एलसीडी, मोबाइल फोन, दो गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तनों के दो सेट, महंगे कपड़े और साड़ियां भी चोरी कर ली गईं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है।
मोहल्ले में पहले भी हो चुकी है चोरी, बढ़ी लोगों की चिंता
घटना को लेकर कांग्रेस नेता संजय कुमार यादव ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देवरिया मोहल्ले में कुछ दिन पहले भी चोरी की घटना हुई थी। उस घटना के बाद उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्ती बढ़ाने और संदिग्धों की पहचान के लिए खोजी कुत्तों की मदद लेने की मांग की थी। इसके बावजूद दोबारा चोरी की घटना सामने आने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
संजय कुमार यादव ने पुलिस प्रशासन से मोहल्ले में नियमित गश्ती सुनिश्चित करने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरी से लोगों में भय का माहौल बन रहा है। अब लोग अपने घरों को बंद कर बाहर जाने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग पीड़ित परिवार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आसपास के लोगों पर संदेह जताए जाने के बावजूद चोरी में किसकी संलिप्तता है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अब स्थानीय लोगों की नजर पुलिस जांच पर टिकी है और वे उम्मीद कर रहे हैं कि चोरों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी।
Jehanabad News: Lock of a vacant house broken; jewellery and cash worth lakhs stolen, family left in a state of panic



















