जहानाबाद इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए विशेष ‘भारत गौरव पर्यटन ट्रेन’ चलाने की घोषणा की गई है। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा का उद्देश्य यात्रियों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों का दर्शन कराना है। यह विशेष ट्रेन 11 मार्च 2026 से 19 मार्च 2026 तक संचालित की जाएगी, जिसमें यात्रियों को 8 रात और 9 दिन की यात्रा कराई जाएगी। आईआरसीटीसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन स्थित ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारिका धाम (द्वारिकाधीश मंदिर, बेट द्वारिका एवं नागेश्वर ज्योतिर्लिंग) तथा अहमदाबाद स्थित अक्षरधाम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का भी एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।
यह ट्रेन भागलपुर, जमालपुर, किउल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, जहानाबाद, गया, अनुग्रह नारायण रोड, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज छिवकी सहित कई स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे बिहार सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को इस यात्रा का लाभ मिल सकेगा। आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न श्रेणियों में किराया निर्धारित किया है। इसमें इकोनॉमी श्रेणी का किराया 18,850 रुपये, थ्री एसी (3AC) का किराया 33,995 रुपये तथा टू एसी (2AC) का किराया 41,990 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। यात्रा के दौरान यात्रियों को भोजन, आवास, स्थानीय परिवहन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस संबंध में अमित प्रकाश ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा विशेष कार्यक्रम के तहत आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी जहानाबाद से लगभग 100 से 150 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए थे और इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के जुड़ने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न श्रेणियों की व्यवस्था की गई है, ताकि हर वर्ग के लोग आसानी से यात्रा कर सकें। सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक बोगी में सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे तथा मेडिकल टीम भी यात्रियों के साथ मौजूद रहेगी। इसके अलावा यात्रियों को खाने-पीने सहित अन्य सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आईआरसीटीसी अधिकारियों ने बताया कि इच्छुक यात्री अधिक जानकारी एवं बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट या जारी संपर्क नंबरों के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। धार्मिक स्थलों के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
Jehanabad News: IRCTC’s ‘Bharat Gaurav Tourism Train’ will provide devotees with the opportunity to visit Jyotirlinga and Akshardham.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












