जहानाबाद: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हुलासगंज प्रखंड में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में घोसी विधायक ऋतुराज कुमार ने शामिल होकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवा हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण के संदेश के साथ निकली इस यात्रा में युवाओं का उत्साह और उमंग देखने को मिला। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा। इस अवसर पर घोसी विधायक ऋतुराज कुमार के साथ बिस्फी के पूर्व विधायक बचौल सिंह, जिला पार्षद अजय कुमार टुन्नू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता, युवा एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विधायक ऋतुराज कुमार ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान, स्वतंत्रता, एकता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल युवाओं की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। यात्रा के दौरान युवाओं ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।
Jehanabad News: Ghosi MLA Rituraj Kumar participated in the ABVP’s Tiranga Yatra in Hulasganj.



















