जीवन ज्योति ललिता सिन्हा क्लीनिक पर लापरवाही का आरोप, मुआवजे और कार्रवाई की मांग; नवजात सुरक्षित
जहानाबाद शहर के लाल मंदिर के समीप स्थित जीवन ज्योति ललिता सिन्हा क्लीनिक में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने क्लीनिक के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया तथा चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मृतका की पहचान काको थाना क्षेत्र के बारा पिंजौरा गांव निवासी 27 वर्षीय रेशमा प्रवीण के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रेशमा को प्रसव के लिए जीवन ज्योति क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों द्वारा इलाज किए जाने के बावजूद उसकी मौत हो गई। हालांकि महिला द्वारा जन्मा नवजात शिशु सुरक्षित बताया जा रहा है। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में क्लीनिक पहुंच गए। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोगों ने क्लीनिक के बाहर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों और क्लीनिक प्रबंधन की लापरवाही के कारण रेशमा की जान गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित इलाज और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान कुछ आक्रोशित लोगों ने क्लीनिक के मुख्य द्वार और अन्य सामानों में तोड़फोड़ भी की। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद क्लीनिक के डॉक्टर, कर्मी और प्रबंधन से जुड़े लोग संस्थान बंद कर वहां से चले गए। सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल की भी तैनाती की। समाचार लिखे जाने तक परिजन शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे थे और मुआवजा तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस एवं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
(फिलहाल अभी डॉक्टर की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
Jehanabad News: Family members outraged over woman’s death during childbirth; road blocked outside the clinic.


















