जहानाबाद। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में शनिवार को निबंधन कार्यालय से संबंधित कार्यों एवं राजस्व प्राप्ति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निबंधन कार्यालय की कार्यप्रणाली, निर्धारित राजस्व लक्ष्य तथा जिले में लागू पेपरलेस निबंधन व्यवस्था की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान बताया गया कि जहानाबाद जिले में 18 जुलाई 2026 से पेपरलेस निबंधन व्यवस्था लागू है। इसकी अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने आवश्यक कदम उठाते हुए नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।डीएम ने पेपरलेस निबंधन व्यवस्था के लाभ, प्रक्रिया और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के साथ-साथ बैनर और होर्डिंग के माध्यम से पंचायतों, नगर परिषद क्षेत्र तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि नई व्यवस्था के तहत बिक्री, दान, विनिमय सहित विभिन्न प्रकार के दस्तावेज निर्धारित मानक प्रारूप के अनुसार सिस्टम के माध्यम से तैयार किए जाते हैं। दस्तावेजों पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से डिजिटल रूप से सत्यापित की जाती है। इससे पहचान की पुष्टि के साथ दस्तावेजों की सुरक्षा भी मजबूत होती है। पेपरलेस निबंधन के बाद संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर दस्तावेज की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई जाती है। डिजिटल रिकॉर्ड रहने से दस्तावेजों के गुम होने, क्षतिग्रस्त होने या अन्य भौतिक कारणों से खराब होने की आशंका कम होती है। नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से निबंधन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को स्वयं भी पूरा कर सकते हैं। डीएम ने जिला अवर निबंधक को आम लोगों के बीच व्याप्त इस भ्रांति को दूर करने का निर्देश दिया कि पेपरलेस निबंधन व्यवस्था में निबंधित दस्तावेज की कागजी प्रति उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपरलेस व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी अभिलेख और निबंधन प्रक्रिया को डिजिटल बनाना है। निबंधित दस्तावेज की कागजी प्रति आम लोगों को पूर्व की तरह उपलब्ध कराई जाती रहेगी। बैठक में जिले में कार्यरत 45 सर्विस लाइसेंस प्रोवाइडर के कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने जिला अवर निबंधक को सभी सर्विस लाइसेंस प्रोवाइडर से संवाद कर पेपरलेस निबंधन की धीमी प्रगति के कारणों की जानकारी लेने तथा उनके सुझाव और फीडबैक के आधार पर प्रभावी कार्यप्रणाली विकसित करने का निर्देश दिया। दस्तावेज लेखक (डीड राइटर) भी पूर्व की भांति आम लोगों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।जिला पदाधिकारी ने निबंधन कार्यालय में संचालित हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि वहां आम लोगों को पेपरलेस निबंधन की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऑनलाइन आवेदन तथा तकनीकी पहलुओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।इसके अलावा जिला पदाधिकारी ने निर्धारित राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने, पेपरलेस निबंधन व्यवस्था की प्रगति में सुधार लाने तथा इसकी नियमित समीक्षा और अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निबंधन संबंधी कार्यों में पेपरलेस निबंधन व्यवस्था का अधिकाधिक उपयोग करें। किसी भी प्रकार की भ्रांति या परेशानी की स्थिति में संबंधित निबंधन कार्यालय अथवा हेल्प डेस्क से आवश्यक जानकारी प्राप्त करें। यह व्यवस्था निबंधन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
Jehanabad News: DM expresses concern over the slow progress of the paperless registration system; directs officials to ensure publicity and awareness from panchayats to the urban areas.



















