जहानाबाद, 1 जून। सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, जहानाबाद का उद्घाटन जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने जिला पदाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं उनके आश्रितों ने देश की सुरक्षा और सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जिले में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के संचालन से उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी, जहानाबाद सदर को शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी ने उपस्थित पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं उनके आश्रितों को सैनिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। पूर्व सैनिकों ने जिले में कार्यालय के नियमित संचालन शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सैनिक समुदाय के लिए एक सराहनीय पहल बताया।
उन्होंने बताया कि यह कार्यालय जहानाबाद एवं अरवल जिले के भूतपूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं तथा उनके आश्रितों को सेवाएं प्रदान करेगा। कार्यक्रम के अंत में जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी ने सभी आगंतुकों एवं पूर्व सैनिकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यालय के सफल संचालन में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, नोडल पदाधिकारी जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सह सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग पूनम कुमारी, वरीय उप समाहर्ता सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी निपुन कुमारी, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी विंग कमांडर संदीप कुमार (सेवानिवृत्त), कल्याण व्यवस्थापक सूबेदार मृत्युंजय कुमार सिंह (सेवानिवृत्त), सूबेदार एस. के. रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल मिस्त्री, अंचल अधिकारी स्नेहा सत्यम सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं एवं उनके आश्रित उपस्थित थे।
Jehanabad News: District Officer inaugurated the District Sainik Welfare Office



















